BJP नेता आपस में लड़ें और FIR कांग्रेस नेताओं पर, ये कैसा न्याय, चौहान से मारपीट मामले में बोले जीतू पटवारी..

उज्जैन : भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक बहादुरसिंह चौहान के साथ शुक्रवार को महिदपुर में हुई मारपीट मामले में शनिवार दोपहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एसपी कार्यालय को घेरा।

उन्होंने कहा कि मारपीट मामले से कांग्रेस नेताओं का कोई सरोकार नहीं, फिर भी चौहान ने हमारे ब्लाक अध्यक्षों पर FIR दर्ज कराई। भाजपा नेता आपस में लड़े और FIR कांग्रेस नेताओं पर हो, ये कैसा न्याय है? यदि पुलिस ने FIR से 24 घंटे में कांग्रेस नेताओं के नाम नहीं हटाए तो सड़क पर धरना दूंगा।

कानून व्यवस्था पर खड़े किए सवाल

पटवारी ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरे मध्यप्रदेश में कानून व्यवस्था की हत्या हो गई है। कानून व्यवस्था नाम की चिड़िया अब प्रदेश में नहीं है। उज्जैन, मुख्यमंत्री और गृह मंत्री का गृह क्षेत्र है। यहां भाजपा के लोग आपस में रोज जूतम-पैजार करते हैं। कुछ दिन पहले घटि्टया विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतीश मालवीय के आफिस में घटना हुई थी।

एसपी पर कार्रवाई की मांग

एक दिन पहले पूर्व विधायक चौहान के साथ भाजपा के नेताओं ने ही मारपीट की। हम इसकी निंदा करते हैं मगर ये कैसी कानून व्यवस्था है जिसमें उन लोगों पर भी FIR करा दी जो घटना के समय मौजूद तक नहीं थे। टीआइ को निलंबित करना चाहिए। ठीक से विवेचना किए बिना ही FIR दर्ज कर दी, जबकि घटना के बहुप्रसारित वीडियो में मारपीट करने वालों के चेहरे साफ दिख रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं का नाम हटाने का निवेदन

घटना के दिन ही विधायक महेश परमार और दिनेश जैन बोस ने घटना की निंदा करते हुए कांग्रेस नेताओं पर जबरिया FIR दर्ज कराने का विरोध किया था, बावजूद उनकी बात नहीं सुनी। भगवान पुलिसवालों को सद्बुद्धि दे। मैंने एसपी को 24 घंटे का समय FIR से जबरिया जोड़े कांग्रेस नेताओं का नाम हटाने का निवेदन किया है, यदि नाम नहीं हटाए तो सड़क पर धरना दूंगा।

उन्होंने कहा कि मैं अपने कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती के साथ खड़ा हूं। प्रदर्शन में विधायक महेश परमार, दिनेश जैन बोस, पूर्व विधायक दिलीपसिंह गुर्जर, महिला कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नूरी खान, शहर अध्यक्ष मुकेश भाटी, नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष रवि राय सहित बड़ी संख्या में नेता-कार्यकर्ता शामिल हुए थे।

भाजपा जिलाध्यक्ष बोले

पुलिस जांच कर कार्रवाई करे पूरे मामले में भाजपा के जिलाध्यक्ष बहादुर सिंह बोरमुंडला ने कहा है कि घटना की FIR दर्ज हो चुकी है। बहुप्रसारित वीडियो में चेहरे साफ नहीं दिख रहे हैं। पुलिस प्रकरण की जांच कर कार्रवाई करे, यही मैं चाहता हूं। पार्टी स्तर पर अभी इस प्रकरण में किसी भी नेता या कार्यकर्ता पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

प्रभारी मंत्री व सांसद के सामने चौहान की पिटाई

महिदपुर तहसील में शुक्रवार को जिले के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल के स्वागत के दौरान भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बहादुरसिंह चौहान के साथ मारपीट हो गई थी। इससे कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए थे। प्रभारी मंत्री टेटवाल और मौके पर मौजूद सांसद अनिल फिरोजिया ने हस्तक्षेप कर मामला शांत किया था।

घटना का वीडियो सोशल पर वायरल हुआ था। प्रभारी मंत्री और सांसद, स्वास्थ्य केंद्र एवं ग्रिड का उद्घाटन करने महिदपुर पहुंचे थे। कार्यक्रम में बहादुर सिंह चौहान को आमंत्रित नहीं किया था, फिर भी वे मंच पर चढ़ गए थे। मंच से उतरते ही कुछ लोगों ने उनकी पिटाई कर दी थी। इससे हंगामा मचा और शाम तक पुलिस ने शिकायत पर 30 से अधिक लोगों पर FIR दर्ज कर ली। FIR में कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के नाम भी हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button