बीजेपी नेता ने पुजारी के भाई पर किया हमला, CCTV में घटना कैद

दुर्ग जिले के नारथा गांव में हनुमान मंदिर के पुजारी के भाई को बीजेपी नेता ने लात-घूसों से पीट दिया। विवाद महायज्ञ के आयोजन को लेकर हुआ, जिसमें मंदिर के बाहर लगने वाली दुकानों को हटाने को लेकर मतभेद सामने आए।
पूर्व जनपद सभापति चंद्रहाश गोस्वामी ने महायज्ञ का आयोजन किया था और मंदिर परिसर में दुकानों को पीछे करने का निर्देश दिया। पुजारी के छोटे भाई रामगिरी गोस्वामी ने ऐसा करने से इनकार किया, जिसके बाद बीजेपी नेता और उनके साथियों ने उन पर हमला किया। हमला CCTV में कैद हो गया है। वीडियो में देखा गया कि नेता ने पेट और सिर पर लात मारी और हवा भरने वाले पंप से भी पीटा।
बीजेपी नेता का कहना है कि उन्होंने सुरक्षा और आयोजन के उचित संचालन के लिए दुकानों को हटाने का कहा था, वहीं पुजारी पक्ष ने आरोप लगाया कि बिना वजह मारपीट की गई। दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और मामले की जांच जारी है।
मंदिर की स्थापना 200 से 350 साल पहले हुई थी और यह क्षेत्र में धार्मिक महत्व रखता है। विवाद के कारण स्थानीय लोगों में असंतोष देखा जा रहा है। महायज्ञ आयोजन को लेकर ग्रामीणों को शामिल न करने का आरोप भी लगाया गया है।





