बिलासपुर में अप्रैल की गर्मी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, पारा पहुंचा 43 डिग्री के पार!

बिलासपुर में इस बार गर्मी ने लोगों को अप्रैल में ही बेहाल कर दिया है। सिर्फ 24 घंटे में तापमान में 3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई और पारा सीधे 43 डिग्री पर पहुंच गया। आमतौर पर ऐसी तेज गर्मी मई-जून में देखने को मिलती है, लेकिन इस बार अप्रैल में ही लू जैसे हालात बन गए हैं।
सोमवार सुबह से ही सूरज आग उगल रहा था। दोपहर 12 से 2:30 बजे तक तो हालात सबसे ज्यादा खराब रहे। शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग बिना जरूरी काम के घरों से बाहर नहीं निकले।
भीषण गर्मी का असर सिर्फ इंसानों तक ही सीमित नहीं रहा। सूखी अरपा नदी में पक्षी भी पानी की तलाश में भटकते नजर आए। गर्म हवाओं के थपेड़ों ने राहगीरों को बुरी तरह परेशान किया।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 10 सालों में अप्रैल में कई बार तापमान 44-45 डिग्री तक गया है, लेकिन इस बार गर्मी कुछ ज्यादा जल्दी आ गई है। 14 अप्रैल को जहां तापमान 38 डिग्री था, वहीं 20 अप्रैल को यह 43 डिग्री तक पहुंच गया।
फिलहाल मौसम विभाग ने राहत की कोई उम्मीद नहीं जताई है। ऐसे में डॉक्टरों और प्रशासन की अपील है कि लोग दोपहर 12 से 3 बजे के बीच घर से बाहर न निकलें, खूब पानी पिएं, छाछ, नींबू पानी और ओआरएस जैसे पेय लेते रहें, और धूप में बाहर जाते वक्त सिर को ढककर रखें।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर अप्रैल में ही ऐसा हाल है, तो मई-जून में स्थिति और भी खराब हो सकती है। बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखने की सलाह दी जा रही है।





