बिलासपुर: 25 मई को होगी UPSC परीक्षा, 5948 अभ्यर्थी होंगे शामिल

बिलासपुर जिले में 25 मई को UPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के लिए जिले में कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी और इसमें लगभग 5948 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा की तैयारी को लेकर शुक्रवार शाम 5 बजे कलेक्ट्रेट के मंथन सभाकक्ष में एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में केंद्र व्यवस्थापकों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रश्नपत्र, उत्तरपुस्तिकाएं और अन्य जरूरी दस्तावेज समय पर और सुरक्षित तरीके से परीक्षा केंद्रों तक पहुँचाए जाएं और परीक्षा के बाद वापस जीपीओ में जमा कराए जाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि UPSC के सभी नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए। परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पानी, शौचालय, ORS और नींबू पानी जैसी सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए।
परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए स्थानीय निरीक्षण अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। परीक्षा समाप्त होने के बाद उपस्थिति विवरणी, जैमर रिपोर्ट और निरीक्षण प्रतिवेदन को नियंत्रण कक्ष में जमा करना अनिवार्य होगा।





