बिलासपुर: तलवार और गुप्ती लहराते दो युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई

बिलासपुर:कोनी थाना क्षेत्र में दो युवकों को अवैध हथियार लहराते हुए पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों युवकों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया है।
पहला मामला करहीपारा निरतु गांव का है, जहां एक युवक गुप्ती लेकर लोगों को डराता घूम रहा था। पुलिस को इसकी सूचना मिलने पर टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी सुधीर यादव को पकड़ लिया। उसके पास से एक 14 इंच लंबी, काली रंग की बटन वाली गुप्ती बरामद हुई।
दूसरी घटना घुटकू गांव की है, जहां प्रेम कुमार लोनिया उर्फ अंकु नाम का युवक तलवार लहराते हुए लोगों को डरा रहा था। पुलिस ने उसे भी पकड़कर तलवार जब्त कर ली।
दोनों मामलों में पुलिस ने गवाहों के सामने हथियार बरामद किए और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे।





