बिलासपुर: अटल आवास में तीन बहनों पर टांगी से हमला, एक की हालत नाजुक, आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर: सरकंडा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक खौफनाक वारदात सामने आई, जब तीन सगी बहनों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। यह घटना अटल आवास के डी-3 ब्लॉक में उस वक्त हुई जब अचानक बिजली चली गई थी।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी अमन पटेल ने अंधेरे का फायदा उठाकर तीनों बहनों – उर्मिला श्रीवास, प्रमिला श्रीवास और सरिता श्रीवास – पर टांगी से हमला कर दिया। इस हमले में उर्मिला के गले पर गहरी चोट आई है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। बाकी दो बहनों को भी गंभीर चोटें आई हैं। तीनों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि तीनों बहनें मूल रूप से मोंगर की रहने वाली हैं और बिलासपुर के बहतराई स्थित अटल आवास में किराए से रहकर रजाई-गद्दे की दुकान में काम करती थीं।
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पूछताछ के बाद आरोपी अमन पटेल को कोरबा से गिरफ्तार कर लिया है।
इस हमले के बाद अटल आवास परिसर में डर और दहशत का माहौल है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि हमला किस वजह से किया गया।





