बिलासपुर: फर्नीचर बेचने के नाम पर रिटायर्ड कर्मचारी से 30 हजार की ठगी

बिलासपुर: ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। खुद को सीआरपीएफ का जवान बताकर एक शातिर ठग ने एसईसीएल से रिटायर्ड कर्मचारी से 30 हजार रुपए की ठगी कर ली।
यह घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। गीतांजलि सिटी फेस-2 के निवासी सैय्यद मोहम्मद वकार अफजल को 1 जून को एक अनजान नंबर से वॉट्सऐप कॉल आया। कॉल करने वाले युवक ने खुद को सीआरपीएफ का जवान बताया और कहा कि उसकी पोस्टिंग दिल्ली हो गई है। उसने अफजल को बताया कि वह ट्रांसफर के चलते अपना घर का सारा फर्नीचर बेचना चाहता है।
बातों-बातों में 1 लाख 20 हजार रुपए में फर्नीचर बेचने की डील तय हो गई। ठग ने एडवांस के तौर पर 30 हजार रुपए मांगे और भरोसे में आए अफजल ने ठग द्वारा दिए गए खाते में पैसे ट्रांसफर कर दिए।
जैसे ही पैसे गए, युवक ने बाकी रकम जल्दी भेजने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। इससे अफजल को शक हुआ। उन्होंने खुद भरनी कैंप जाकर पूछताछ की, तो पता चला कि उस नाम का कोई जवान वहां पदस्थ ही नहीं है।
इसके बाद अफजल ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





