बिलासपुर नगर निगम का शपथ ग्रहण समारोह, तैयारियां पूरी

बिलासपुर
बिलासपुर नगर निगम मुंगेली नाका स्थित ग्रीन पार्क मैदान में नगर निगम के नए महापौर और पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होने जा रहा है। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय महापौर और पार्षदों को शपथ दिलाएंगे।
15 फरवरी को शहर की सत्ता के लिए हुए चुनाव के परिणाम में बिलासपुर महापौर के रूप में पूजा विधानी ने जीत हासिल की, जबकि 70 वार्डों के पार्षदों में 49 भाजपा, 18 कांग्रेस और 3 निर्दलीय प्रत्याशी जीतकर आए हैं। अब इन सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम शुक्रवार को बिलासपुर के मुंगेली नाका स्थित ग्रीन पार्क मैदान में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, और बिलासपुर जिले के समस्त विधायक और जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए बिलासपुर नगर निगम के अपर आयुक्त खजांची कुमार ने बताया कि शपथ ग्रहण को लेकर समस्त तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और पार्षदों और महापौर के शपथ ग्रहण के लिए दिशा निर्देश भी जारी किए गए हैं।
जाहिर तौर पर, नगर निगम चुनाव इस बार बेहद खास था, क्योंकि जनता ने स्पष्ट जनादेश भाजपा को दिया है। अब भारतीय जनता पार्टी पर यह दबाव है कि वह शहर के विकास को लेकर चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करें। बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी और भाजपा के समस्त पार्षदों के अलावा विपक्षी दलों के पार्षदों को भी अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को दूर करने के लिए अगले 5 साल तक कड़ी मेहनत करनी होगी। अब देखना यह होगा कि अगले 5 साल में शहर की सत्ता किस दिशा में संचालित होती है।





