बिलासपुर: तेज रफ्तार और ट्रैफिक उल्लंघन करने वालों पर अब इंटरसेप्टर की नजर, 80 लाख से ज्यादा वसूला जुर्माना

बिलासपुर। अब तेज रफ्तार से गाड़ी चलाना या ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करना वाहन चालकों को भारी पड़ सकता है। जिले को पुलिस मुख्यालय से एक अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन मिला है, जो हाईवे सहित शहर की प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक निगरानी में जुटा हुआ है।
इस इंटरसेप्टर में लगा स्पीड रडार और कैमरा तेज गति से चल रही गाड़ियों की पहचान करता है और नियम तोड़ते ही तुरंत चालान कटकर वाहन मालिक को भेज दिया जाता है। ऐसे मामलों में 1000 रुपये तक का जुर्माना वसूला जा रहा है।
कहीं भी, कभी भी हो सकती है कार्रवाई
इंटरसेप्टर वाहन मोबाइल है यानी यह कहीं भी खड़ा होकर चालकों पर नजर रख सकता है। सिर्फ तेज रफ्तार ही नहीं, शराब पीकर गाड़ी चलाने, तेज लाइट, प्रेशर हॉर्न, मॉडिफाइड साइलेंसर और काले शीशों वाले वाहनों पर भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच के लिए इसमें इनबिल्ट ब्रीथ एनालाइजर भी लगा हुआ है। ऐसे मामलों में संबंधित चालक पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत केस बनाकर न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहां 10 हजार से लेकर 20 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा रहा है।
जुलाई 2024 से अब तक 80 लाख से अधिक वसूली
पुलिस के अनुसार जुलाई 2024 से अब तक 10 हजार से ज्यादा ट्रैफिक उल्लंघन मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है और 80 लाख रुपये से अधिक समन शुल्क वसूला गया है। कई मामलों में कोर्ट ने भी बड़ी राशि का जुर्माना लगाया है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, नहीं तो इंटरसेप्टर कहीं भी खड़ा मिल सकता है और चालान से बचना मुश्किल होगा।





