बिलासपुर: शराब घोटाले में फंसे पूर्व IAS अनिल टुटेजा को हाईकोर्ट से झटका, याचिका खारिज

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाले में जेल में बंद पूर्व आईएएस अफसर अनिल टुटेजा को हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। उन्होंने कोर्ट से अपील की थी कि उनके खिलाफ चल रही जांच की निगरानी कोर्ट खुद करे, लेकिन कोर्ट ने उनकी यह मांग ठुकरा दी।
अनिल टुटेजा की तरफ से उनके वकील ने कोर्ट में कहा कि उन्हें एक राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया गया है। उनके खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं है और जांच एजेंसियां पक्षपाती तरीके से काम कर रही हैं, इसलिए जांच की न्यायिक निगरानी जरूरी है।
इस पर ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) की तरफ से कोर्ट में मौजूद उपमहाधिवक्ता डॉ. सौरभ पांडेय ने कहा कि टुटेजा सिर्फ शराब घोटाले में ही नहीं, बल्कि कोयला और डीएमएफ घोटाले जैसे अन्य मामलों में भी आरोपी हैं।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने साफ कहा कि जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं और अभी किसी तरह की न्यायिक निगरानी की जरूरत नहीं है। इसके साथ ही टुटेजा की याचिका खारिज कर दी गई।
बता दें कि अनिल टुटेजा इस समय ईडी की कार्रवाई के चलते जेल में हैं और उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के कई मामलों की जांच चल रही है।





