भीषण गर्मी में बिजली कटौती से बिलासपुर उबल पड़ा, लोगों ने किया बिजली विभाग का घेराव

बिलासपुर। शहर में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से परेशान लोगों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। तापमान 41 डिग्री के पार पहुंच चुका है और ऐसे में बार-बार बिजली गुल होने से आमजन का जीना मुश्किल हो गया है।
गर्मी के चलते पंखे और कूलर भी ठप हो गए हैं, जिससे खासकर बच्चे और बुजुर्ग बुरी तरह परेशान हैं। शहर के कई इलाकों में 4 से 6 घंटे तक बिजली नहीं होने से नाराज़ लोग दोपहर में बिजली विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ऑफिस पहुंच गए।
लोगों ने वहां दफ्तर का घेराव कर जमकर नारेबाज़ी की और विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराज़गी जताई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बिना सूचना के की जा रही बिजली कटौती से जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, और प्रशासन पूरी तरह से उदासीन बना हुआ है।
लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही बिजली व्यवस्था नहीं सुधरी, तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। इस वक्त हालात यह हैं कि दिन हो या रात, बिजली कब जाएगी इसका कोई भरोसा नहीं, और लोगों का धैर्य अब जवाब देने लगा है।





