बिलासपुर: बाइक चोर गिरफ्तार, खंडहर में छिपाकर रखी थी चोरी की बाइक

बिलासपुर। शहर में एक बार फिर बाइक चोरी की घटना सामने आई है, लेकिन इस बार पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चोर को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी की बाइक भी बरामद कर ली गई है।
गोंडपारा स्थित सिंधी गुरुद्वारे के पास रहने वाले ज्ञान चंद वाधवानी ने अपनी सुपर स्प्लेंडर बाइक चोरी होने की शिकायत सिटी कोतवाली पुलिस में दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि रोज की तरह उन्होंने अपनी बाइक घर के बाहर खड़ी की थी, लेकिन अगली सुबह वह गायब मिली।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में युवक ने बाइक चोरी करने की बात कबूल की। आरोपी का नाम रोशन गोस्वामी बताया गया है।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने बाइक को जैन लस्सी दुकान के पीछे, पुरानी जगत मिल के खंडहर में छिपा कर रखा था। पुलिस ने तुरंत मौके पर दबिश दी और चोरी की गई बाइक बरामद कर ली।
फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि शहर में चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी और भी तेज की जाएगी।





