बिलासपुर: 90 लाख घोटाले का आरोपी फिर सक्रिय, पूर्व कलेक्टर के आदेशों की उड़ रही धज्जियां

बिलासपुर। जिले के बिरकोना सेवा सहकारी समिति से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। करोड़ों के धान घोटाले में बर्खास्त किया गया कर्मचारी विनोद यादव एक बार फिर समिति में खाद वितरण करते हुए नजर आया है।

बता दें कि इस समिति में करीब 90 लाख रुपए के घोटाले का खुलासा हुआ था। मामले की जांच के बाद तत्कालीन कलेक्टर अवनीश शरण ने समिति के प्रबंधक देवरी लाल यादव, ऑपरेटर प्रियांशु जायसवाल और खरीदी प्रभारी विनोद यादव को बर्खास्त करने और उनके खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश दिए थे।

बर्खास्तगी के बाद भी अब विनोद यादव का फिर से समिति में सक्रिय होना प्रशासन की बड़ी लापरवाही माना जा रहा है। इससे यह सवाल उठने लगे हैं कि क्या पूर्व कलेक्टर के सख्त आदेशों की जानबूझकर अनदेखी की जा रही है? और क्या ऐसे कर्मचारियों को अंदरूनी संरक्षण मिला हुआ है?

स्थानीय लोगों में इसको लेकर भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि इतना बड़ा घोटाला करने वाला व्यक्ति बिना किसी डर के फिर से सरकारी काम में लगा हुआ है, और उस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही।

अब इस मामले को लेकर वर्तमान कलेक्टर संजय अग्रवाल ने संज्ञान लिया है और पूरी रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अब देखना ये होगा कि इस बार प्रशासन वाकई में कुछ ठोस कदम उठाता है या फिर मामला सिर्फ फाइलों में ही सिमट कर रह जाएगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button