सुकमा में बड़ी सफलता: 23 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, 1 करोड़ 18 लाख का इनाम

सुकमा। आज सुकमा में पुलिस और प्रशासन को बड़ी कामयाबी मिली है। कुल 23 नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण कर दिया और अब वे मुख्यधारा से जुड़ने जा रहे हैं। इन सभी पर कुल मिलाकर 1 करोड़ 18 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
आत्मसमर्पण करने वालों में 9 महिलाएं और 14 पुरुष शामिल हैं, जिनमें 3 नक्सली दंपति भी हैं। इनमें से 8 नक्सली कुख्यात PLGA बटालियन से जुड़े हुए थे, जबकि बाकी अलग-अलग नक्सली संगठनों में सक्रिय थे। आत्मसमर्पित नक्सलियों में 1 DVCM, 6 PPCM, 4 ACM और 12 पार्टी सदस्य शामिल हैं।
नक्सलियों ने बताया कि उन्होंने सरकार की “छत्तीसगढ़ नक्सलवादी आत्मसमर्पण पुनर्वास नीति” और “नियद नेल्ला नार योजना” से प्रभावित होकर यह कदम उठाया। इसके अलावा पुलिस के बढ़ते दबदबे और दूर-दराज के इलाकों में नए सुरक्षा कैंप खुलने से भी उन्होंने हिंसा छोड़ने का फैसला किया।
पुलिस और प्रशासन ने सभी का स्वागत किया और कहा कि सरकार इन्हें मुख्यधारा में लाकर एक बेहतर जीवन जीने में मदद करेगी।





