छत्तीसगढ़ के किसानों को बड़ी राहत: केंद्र ने 60 हजार टन अतिरिक्त यूरिया दिया

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर छत्तीसगढ़ के किसानों को बड़ी राहत मिली है। भारत सरकार ने राज्य के लिए 60 हजार टन अतिरिक्त यूरिया का आबंटन किया है। इसमें सितंबर के पहले सप्ताह में 20 हजार टन, दूसरे सप्ताह में 35 हजार टन और महीने के अंत तक 5 हजार टन यूरिया उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की हर जरूरत पर सरकार संवेदनशील है और यह अतिरिक्त आपूर्ति खरीफ फसलों को सुरक्षित रखने में मदद करेगी।

मार्कफेड अधिकारियों के मुताबिक, राज्य में अब तक कुल 7 लाख 2 हजार 642 मीट्रिक टन यूरिया का भंडारण किया गया है, जिसमें से 6 लाख 38 हजार 599 मीट्रिक टन पहले ही किसानों को वितरित हो चुका है। यह पिछले साल की तुलना में ज्यादा है।

नैनो खाद की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है। अब तक किसानों को 2 लाख 32 हजार 652 बोतल नैनो यूरिया और 1 लाख 85 हजार 136 बोतल नैनो डीएपी दिया गया है।

भारत सरकार ने खरीफ सीजन के लिए 14.62 लाख टन खाद का लक्ष्य तय किया था, जबकि राज्य में 15.64 लाख टन खाद का भंडारण किया जा चुका है। इसमें से अब तक 13.19 लाख टन किसानों को दिया जा चुका है।

सरकार का दावा है कि समितियों और निजी विक्रेताओं के जरिए खाद की आपूर्ति सुचारू रूप से हो रही है। किसानों ने भी सरकार की इस पहल पर संतोष जताया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीज, खाद और सिंचाई जैसी जरूरतों को पूरा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा जताया कि केंद्र और राज्य के मिलकर किए गए प्रयासों से इस खरीफ सीजन में छत्तीसगढ़ नए कीर्तिमान बनाएगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button