नवरात्रि से पहले जीएसटी में बड़ा बदलाव, सस्ती होंगी गाड़ियां, टीवी, एसी और खाने-पीने की चीजें

रायपुर/दिल्ली। नवरात्रि से ठीक पहले केंद्र सरकार ने जीएसटी दरों में बड़ा बदलाव किया है। नई दरें सोमवार से लागू होंगी। इससे रोजमर्रा की कई चीजें सस्ती हो जाएंगी।
नई व्यवस्था में जीएसटी स्लैब घटाकर सिर्फ दो कर दिए गए हैं—5% और 18%। पहले चार स्लैब थे—5%, 12%, 18% और 28%। इसके अलावा कई चीजों पर टैक्स पूरी तरह हटा दिया गया है।
किस पर मिलेगा फायदा:
दूध, पनीर, छेना, पिज्जा ब्रेड, खाखरा, पराठा, रोटी और कुल्चा अब टैक्स फ्री हो जाएंगे।
मेडिकल ग्रेड ऑक्सीजन और कॉपी, पेंसिल, शार्पनर जैसी स्टेशनरी पर भी टैक्स खत्म कर दिया गया है।
हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस पर भी अब कोई टैक्स नहीं लगेगा।
एसी-फ्रिज और गाड़ियों पर राहत:
एसी और फ्रिज पर टैक्स 28% से घटाकर 18% कर दिया गया है।
350 सीसी तक की बाइक और 1200 सीसी से कम की पेट्रोल कार व 1500 सीसी से कम की डीजल कारों पर टैक्स अब 18% होगा।
बड़ी और लग्जरी गाड़ियों पर 40% टैक्स लगेगा, जो पहले करीब 50% था।
कंपनियों ने भी किया ऐलान:
ऑटोमोबाइल कंपनियां, इलेक्ट्रॉनिक्स ब्रांड और डेयरी कंपनियां दाम घटाने का ऐलान कर चुकी हैं। अमूल और मदर डेयरी ने दूध, आइसक्रीम और फ्रोजन फूड सस्ता करने की घोषणा की है।
सरकार ने उद्योगों से अपील की है कि टैक्स कटौती का पूरा फायदा ग्राहकों तक पहुँचाया जाए।





