दुर्ग में ईडी की बड़ी कार्रवाई, कस्टम मिलिंग घोटाले से जुड़ी जांच तेज

दुर्ग। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार सुबह दुर्ग में एक और बड़ी कार्रवाई की। ईडी की छह सदस्यीय टीम ने हुडको स्थित सुधाकर रावटे के घर छापा मारा और कस्टम मिलिंग घोटाले से जुड़े दस्तावेज खंगाले। टीम ने रावटे से पूछताछ भी की।
करीब 140 करोड़ रुपये से अधिक के कस्टम मिलिंग स्कैम से जुड़े इस मामले में ईडी ने प्रदेश के 10 जिलों में एक साथ रेड की है। इससे पहले इस घोटाले में पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा और कारोबारी अनवर ढेबर की गिरफ्तारी हो चुकी है।
जांच में सामने आया कि कस्टम मिलिंग के एवज में बिल भुगतान तभी होता था, जब मिलर्स 20 रुपये प्रति क्विंटल की दर से रकम देते थे। रकम चुकाने वालों की सूची बनाकर उन्हीं को भुगतान जारी किया जाता था।
ईडी अब तक इस मामले में 3500 पन्नों का चालान पेश कर चुकी है, जिसमें 35 पन्नों की समरी भी शामिल है।





