जेडीयू बैठक में बड़ा फैसला: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जाएंगे राज्यसभा, बेटे निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री तय

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर जनता दल (यूनाइटेड) की महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें बड़ा राजनीतिक फैसला लिया गया। बैठक में सर्वसम्मति से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई। इसके साथ ही उनके बेटे निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री भी तय हो गई है।

बताया गया है कि निशांत कुमार कल जेडीयू की सदस्यता ग्रहण करेंगे। पार्टी के विधायकों और मंत्रियों ने उनके राजनीति में आने के फैसले का स्वागत किया है। साथ ही यह भी तय हुआ है कि सदस्यता लेने के बाद निशांत कुमार बिहार का दौरा करेंगे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधायकों और मंत्रियों से कहा कि वह राज्यसभा जा रहे हैं, लेकिन बिहार में रहकर राज्य के कामकाज पर नजर बनाए रखेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास के लिए सभी लोग मिलकर काम करते रहें, उन्हें किसी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है।

जेडीयू नेता नीरज कुमार ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उपस्थिति में सांसदों, मंत्रियों और विधायकों की बैठक हुई, जिसमें सभी ने उनके फैसले का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि पार्टी को बनाने और मजबूत करने में नीतीश कुमार की अहम भूमिका रही है, इसलिए पूरा संगठन उनके साथ खड़ा है।

वहीं जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा कि निशांत कुमार को राजनीति में आना चाहिए और यह पार्टी के लिए अच्छा कदम है। इस फैसले का विधायकों और मंत्रियों ने स्वागत किया है।

जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और राज्य मंत्री श्रवण कुमार ने भी पुष्टि की कि निशांत कुमार के पार्टी में शामिल होने का रास्ता साफ हो गया है और वह कल औपचारिक रूप से जेडीयू की सदस्यता ग्रहण करेंगे।

डिप्टी सीएम बनने की अटकलें तेज

राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज हो गई है कि निशांत कुमार को बिहार का उप मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री पद भाजपा के किसी नेता को मिल सकता है, जबकि निशांत कुमार सरकार में जेडीयू का प्रमुख चेहरा बन सकते हैं।

राष्ट्रीय राजनीति पर फोकस करेंगे नीतीश कुमार

बताया जा रहा है कि राज्यसभा जाने के बाद नीतीश कुमार राष्ट्रीय राजनीति पर अधिक ध्यान देंगे। उनके बेटे निशांत कुमार ने बीआईटी मेसरा से सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग में पढ़ाई की है और अब तक सार्वजनिक जीवन से काफी हद तक दूर रहे हैं।

हालांकि विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने इस फैसले को सिद्धांतों से यू-टर्न बताया है। वहीं जेडीयू कार्यकर्ताओं ने पार्टी मुख्यालय में गुलाल और मिठाई बांटकर जश्न मनाया।

अब सभी की नजरें कल होने वाले औपचारिक सदस्यता समारोह पर टिकी हैं, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत एनडीए के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई