कैबिनेट बैठक में खेल, खनन और कृषि को लेकर बड़े फैसले, बनेगी क्रिकेट एकेडमी

रायपुर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में बुधवार को हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में कई अहम और दूरगामी फैसले लिए गए। बैठक में खेल, खनन और भूमि मुआवजा नीति से जुड़ी प्रमुख घोषणाओं पर मुहर लगी है।
क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए नवा रायपुर में बनेगी अत्याधुनिक एकेडमी
सरकार ने खेल क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब नवा रायपुर के परसदा में क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए एक अत्याधुनिक एकेडमी की स्थापना की जाएगी। इसके लिए 7.96 एकड़ भूमि का आबंटन किया गया है।
इस फैसले से राज्य की खेल प्रतिभाओं को निखरने का सुनहरा अवसर मिलेगा और छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में उभर सकता है।

रेत खनन में अब ई-नीलामी की व्यवस्था
लगातार सामने आ रहे अवैध खनन और परिवहन के मामलों को देखते हुए कैबिनेट ने रेत खदानों के आवंटन की प्रक्रिया में बदलाव का निर्णय लिया है।
अब यह प्रक्रिया ई-नीलामी के ज़रिए होगी, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी, भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी, राज्य को अधिक राजस्व प्राप्त होगा..
भूमि मुआवजा नीति में बदलाव, किसानों को मिलेगा बेहतर लाभ
भारत माला परियोजना में सामने आई अनियमितताओं के बाद सरकार ने मुआवजा नीति में बड़ा बदलाव किया है।
अब 500 वर्गमीटर की सीमा समाप्त, पूरे भू-खंड की गणना हेक्टेयर दर से होगी, इससे किसानों को न्यायसंगत और वाजिब मुआवजा मिलेगा और भूमि अधिग्रहण से जुड़े विवादों में भी कमी आने की संभावना है।
बैठक में सभी मंत्री रहे उपस्थित, प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास
इस कैबिनेट बैठक में राज्य के सभी मंत्री उपस्थित रहे और प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
सरकार का दावा है कि ये फैसले राज्य में कृषि, खनन और खेल जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सुधार और समग्र विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।





