म्यूल अकाउंट गैंग पर बड़ी कार्रवाई: 10 आरोपी गिरफ्तार, 111 खातों से 86 लाख का अवैध ट्रांजेक्शन

छत्तीसगढ़ के Durg में साइबर ठगी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी अपने बैंक खातों को किराए पर देकर ठगी की रकम के लेनदेन में इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस जांच में सामने आया कि 111 बैंक खातों के जरिए करीब 86 लाख रुपए का अवैध ट्रांजेक्शन किया गया।
मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र का है, जहां भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन काम करने वाले इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर से संदिग्ध खातों की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। दुर्ग स्टेशन रोड स्थित एक बैंक शाखा में संचालित इन खातों की जांच में बड़ा खुलासा हुआ।
पुलिस के अनुसार इन खातों का इस्तेमाल देश के अलग-अलग हिस्सों में लोगों से ठगी गई रकम को जमा करने और निकालने के लिए किया जा रहा था। जांच में अब तक 86,33,247 रुपए के अवैध लेनदेन की पुष्टि हुई है।
साइबर ठग आमतौर पर ऐसे लोगों को निशाना बनाते हैं, जो थोड़े से लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या पासबुक उन्हें दे देते हैं। ऐसे खातों को म्यूल अकाउंट कहा जाता है। दुर्ग में पकड़े गए आरोपियों ने भी आर्थिक लाभ के लिए अपने खाते ठगों को उपलब्ध कराए थे।
गिरफ्तार आरोपियों में 24 से 56 वर्ष तक के लोग शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से बैंक दस्तावेज, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे अपने बैंक खाते, ओटीपी या संबंधित जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें, अन्यथा वे भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं।





