आरंग: महानदी से अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, प्रशासन ने जब्त किए वाहन

आरंग। महानदी से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। रविवार को ग्राम कागदेही में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन की शिकायत मिलने पर प्रशासन ने त्वरित और सख्त कार्रवाई की। इस कार्रवाई के तहत आरंग एसडीएम पुष्पेंद्र शर्मा के मार्गदर्शन में आरंग तहसीलदार सीता शुक्ला के नेतृत्व में राजस्व विभाग और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारा। इस दौरान 1 चैन माउंटेन मशीन और 3 हाइवा वाहनों को जब्त किया गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम कागदेही में अवैध तरीके से रेत का परिवहन करने के लिए एक अस्थायी रैम बनाया गया था, जिससे महासमुंद जिले से रेत की अवैध निकासी की जा रही थी। इस मामले की शिकायत मिलने पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की और मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे वाहनों को जब्त कर लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन की इस कार्रवाई में नायब तहसीलदार गजानंद सिदार, खनिज विभाग के सुपरवाइजर सुनीलदत्त शर्मा, वीरेंद्र बेलचंदन, जितेंद्र केशरवानी, जितेंद्र वर्मा, लुकेश वर्मा और छबि साहू ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

राजस्व और खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। महानदी सहित अन्य नदियों से अवैध रेत खनन को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई अवैध उत्खनन में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध रेत खनन या परिवहन की गतिविधियां होती दिखें तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button