Big action of police: 2 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, आरोपियों से 73 किलो गांजा जब्त

Big action of police (गौरेला-पेंड्रा-मरवाही) : पुलिस ने NDPS अधिनियम के तहत ओडिशा के नक्सल प्रभावित जिलों, कालाहांडी और बौध से दो सप्लायरों को गिरफ्तार किया है, जो अंतर्राज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त थे। इनकी गिरफ्तारी से एक संगठित तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जो अवैध रूप से गांजा की आपूर्ति करता था।
इन दोनों की संलिप्तता गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में दर्ज दो अलग-अलग NDPS मामलों में पाई गई थी। थाना पेंड्रा में दर्ज अपराध में आरोपी पीबाना सिंह की भूमिका सामने आई, जिसमें 73 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया था। इस मामले में 16 जनवरी को खोडरी जोबाटोला के जंगल में कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करों को पकड़ा गया था, जिसमें मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के तस्करों की संलिप्तता भी पाई गई थी।
वहीं, थाना गौरेला में दर्ज अपराध में आरोपी सिधेश्वर राणा उर्फ सुमंतु की संलिप्तता उजागर हुई, जिसमें 1.05 क्विंटल गांजा जब्त किया गया था। यह गांजा खोंगसरा-पीपरखुंटी मार्ग से दो अलग-अलग वाहनों में ले जाया जा रहा था, जहां से पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की थी। इस मामले में अन्य तस्करों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, और पूछताछ में सामने आए बैकवर्ड लिंक के आधार पर ओडिशा में दबिश देकर सिधेश्वर राणा को गिरफ्तार किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि दोनों आरोपी नक्सल प्रभावित इलाकों में अवैध गांजा खेती करने वाले गिरोहों से मादक पदार्थ खरीदकर विभिन्न राज्यों में तस्करी करते थे। इनकी गिरफ्तारी से इस तस्करी नेटवर्क को एक बड़ा झटका लगा है। पुलिस अब फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन और अन्य लिंक की जांच कर रही है।





