महादेव सट्टा मामले में बड़ा एक्शन, सौरभ चंद्राकर की 1700 करोड़ की संपत्ति अटैच

प्रवर्तन निदेशालय ने महादेव सट्टा ऐप मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर से जुड़ी करीब 1700 करोड़ रुपए की संपत्तियों को अटैच कर लिया है। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम (PMLA) 2002 के तहत की गई है।

जांच एजेंसी के अनुसार कुल 20 अचल संपत्तियां अटैच की गई हैं, जिनमें 18 दुबई में और 2 नई दिल्ली में स्थित हैं। इन संपत्तियों में दुबई के प्राइम लोकेशन पर स्थित लग्जरी विला और अपार्टमेंट शामिल हैं। साथ ही बुर्ज खलीफा में स्थित एक अपार्टमेंट भी इस कार्रवाई में शामिल है।

जांच में सामने आया है कि इन संपत्तियों को अवैध सट्टेबाजी से अर्जित धन से खरीदा गया था। सौरभ चंद्राकर ने सट्टे से कमाए गए पैसों से लग्जरी बंगले, महंगी कारें और अन्य संपत्तियां खरीदी थीं।

एजेंसी के मुताबिक ये संपत्तियां सौरभ चंद्राकर और उसके सहयोगियों के नाम पर संचालित की जा रही थीं। मामले में विकास छपारिया, रोहित गुलाटी, अतुल अरोड़ा, नितिन तिब्रेवाला और सुरेंद्र बागड़ी जैसे सहयोगियों के नाम भी सामने आए हैं।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि महादेव ऑनलाइन बुक ऐप एक अंतरराष्ट्रीय सट्टेबाजी नेटवर्क के रूप में काम करता था। यह नेटवर्क टाइगर एक्सचेंज, गोल्ड365 और लेजर247 जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए संचालित होता था और फ्रेंचाइजी मॉडल पर देशभर में फैलाया गया था।

आरोप है कि इस नेटवर्क के जरिए हजारों डमी बैंक अकाउंट खोले गए और आम लोगों के केवाईसी का दुरुपयोग किया गया। इसके बाद पैसे को हवाला और क्रिप्टो के माध्यम से विदेश भेजा गया और वहां महंगी संपत्तियों में निवेश किया गया।

एजेंसी ने अब तक इस मामले में 175 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की है और 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 74 लोगों को आरोपी बनाया गया है। मामले में कुल 4336 करोड़ रुपए की चल और अचल संपत्तियां अटैच, सीज या फ्रीज की जा चुकी हैं।

प्रवर्तन निदेशालय ने सौरभ चंद्राकर समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। जांच एजेंसी का कहना है कि विदेश में बैठे आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और इस अवैध नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जाएगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई