सड़क हादसों पर भूपेश बघेल की चिंता, सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग; मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरागांव में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने राज्य में बढ़ते सड़क हादसों पर गहरी चिंता जताई है। रविवार को रायपुर-बालौदाबाजार मार्ग पर ट्रक और ट्रेलर की टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई और 12 घायल हो गए। भूपेश बघेल ने राज्य की भाजपा सरकार से इन घटनाओं को गंभीरता से लेने और ठोस उपाय करने की अपील की है।
पूर्व सीएम ने उन्होंने मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने की भी मांग की। उन्होंने कहा, “मुझे जानकारी मिली है कि रविवार और सोमवार को मिलाकर 23 लोगों की सड़क हादसों में मौत हुई है। मैं शोक संवेदना व्यक्त करता हूं और राज्य सरकार से अपील करता हूं कि इन मामलों को गंभीरता से ले और आगे ऐसे हादसों को रोकने के उपाय करे।”
रायपुर के एसपी लाल उम्मेद सिंह के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब छतौद गांव के कुछ लोग बना बनारसी में छठी कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। घायलों को रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बीच, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने हाल ही में बताया कि सरकार जल्द ही ट्रकों और व्यवसायिक वाहनों के लिए सुरक्षा रेटिंग प्रणाली शुरू करेगी, जिससे वाहन निर्माता गुणवत्ता में सुधार करें और वाहन ज्यादा सुरक्षित बनें।





