बलरामपुर में भी पकड़ी गई अफीम की खेती, भूपेश बघेल का सरकार पर हमला; मंत्री बोले– सख्त कार्रवाई जारी

रायपुर। दुर्ग जिले में अफीम की अवैध खेती का मामला सामने आने के बाद अब बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र में भी अफीम की खेती पकड़ी गई है। इस मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।
भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि “फिर पकड़ी गई अफीम! मैंने पहले ही कहा था कि दुर्ग तो महज पर्दाफाश की शुरुआत थी।” उन्होंने आरोप लगाया कि अफीम सहित सूखे नशे का कारोबार सुनियोजित तरीके से चल रहा है और इसमें मुख्यमंत्री व गृहमंत्री का संरक्षण है।
उन्होंने यह भी कहा कि दुर्ग में अफीम की खेती करते पकड़े गए भाजपा नेता को विष्णुदेव साय सरकार ने मुख्य आरोपी तक नहीं बनाया, जिससे यह साफ होता है कि मामला बड़ा है। बघेल ने आरोप लगाया कि भाजपा इस पूरे नशे के कारोबार में लिप्त है।
सरकार का जवाब – सख्त कार्रवाई जारी
वहीं इस मामले में मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार नशे के सौदागरों और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। दुर्ग के बाद बलरामपुर से भी अफीम की खेती की जानकारी मिलने पर प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और प्रदेश में कहीं भी ऐसी गतिविधियों की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जा रही है। मंत्री ने लोगों से अपील की कि यदि किसी क्षेत्र में इस तरह की अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
पहले नहीं पकड़े जाते थे आरोपी
राजेश अग्रवाल ने कहा कि पिछले दो वर्षों में गांजा तस्करी और अन्य नशे से जुड़े मामलों में लगातार कार्रवाई हुई है। पहले कई मामलों में आरोपी पकड़े नहीं जाते थे, लेकिन अब पुलिस और प्रशासन की सख्ती से बड़ी कार्रवाई हो रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश को नशा मुक्त बनाना है और नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।





