272 नौकरशाहों के पत्र पर भूपेश बघेल का हमला: “हिम्मत है तो सरकार से सवाल करें, विपक्ष से नहीं”

रायपुर। कांग्रेस नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राहुल गांधी को लेकर 272 प्रबुद्ध नागरिकों द्वारा लिखे गए पत्र पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। बघेल ने कहा कि अगर इन अधिकारियों में हिम्मत है, तो वे विपक्ष से नहीं, सरकार से सवाल करें।
उन्होंने कहा कि विदेश सेवा (IFS) के अधिकारी सरकार से पूछें कि भारत की विदेश नीति आज कहां खड़ी है? आंतरिक सुरक्षा के मामले में सवाल करें कि दिल्ली में विस्फोट क्यों हुआ? बघेल के मुताबिक, ये अधिकारी सरकार से सवाल करने की हिम्मत नहीं रखते, इसलिए विपक्ष से सवाल करना उन्हें आसान लगता है।
बघेल ने आगे कहा कि वोट चोरी का मुद्दा देशभर में गंभीर सवाल बन चुका है। राहुल गांधी कई बार कर्नाटक, हरियाणा और अन्य राज्यों में इस मुद्दे को उठाते रहे हैं। बघेल ने बताया कि पंजाब में हुए अभियान से लगभग 27 लाख हस्ताक्षरित आवेदन वे लेकर आए हैं, जिन्हें कांग्रेस के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल को सौंप दिया गया है।
गौरतलब है कि राहुल गांधी द्वारा लगाए गए ‘वोट चोरी’ के आरोपों के बाद 272 प्रबुद्ध नागरिकों जिनमें 16 पूर्व जज, 14 राजदूत, 123 सेवानिवृत्त नौकरशाह और 133 पूर्व सैन्य अधिकारी शामिल हैं ने एक खुला पत्र लिखकर चुनाव आयोग और अन्य संस्थाओं पर सवाल उठाने की कांग्रेस की कोशिशों की निंदा की है।





