साय सरकार पर भूपेश बघेल का हमला, बोले- जनता को रिज़ल्ट चाहिए, रील नहीं

रायपुर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने साय सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मंत्रियों को “रीलबाज” बताते हुए कहा कि कथित “सुशासन तिहार” के नाम पर पूरा मंत्रिमंडल सिर्फ नाटक कर रहा है।
भूपेश बघेल ने कहा कि अधिकारियों को डांटने और गाली देने से जनता को राहत नहीं मिलेगी। जनता को काम और परिणाम चाहिए, सिर्फ रील और प्रचार नहीं। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर भी सरकार को घेरा और कहा कि चुनाव खत्म होने के सिर्फ 12 दिन बाद ही ईंधन के दाम 8 रुपये तक बढ़ गए हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पहले ही आर्थिक संकट की चेतावनी दे चुके थे, लेकिन उस समय प्रधानमंत्री और भाजपा नेताओं ने विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया था। अब महंगाई बढ़ने पर सरकार के मंत्री चुप हैं।
खाद संकट को लेकर भी पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार दावा कर रही है कि किसानों को 80 प्रतिशत डीएपी खाद उपलब्ध कराया जा रहा है, लेकिन हकीकत में किसी भी सोसाइटी में किसानों को डीएपी नहीं मिल रहा है।
भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि बाजार में 1300 रुपये वाली डीएपी खाद 2500 रुपये तक बेची जा रही है, जबकि 266 रुपये की यूरिया 800 से 1000 रुपये प्रति बोरी तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि इससे खेती की लागत बढ़ेगी और उत्पादन पर भी असर पड़ेगा।





