भोपाल में 3 वर्षीय बच्‍ची से दुष्‍कर्म मामले पर सीएम गंभीर, मुख्‍य सचिव को कहा-हाईकोर्ट से बात करें, कठोर सजा दिलाएं

भोपाल। भोपाल के कमलानगर थाना क्षेत्र में तीन वर्षीय बच्ची के साथ स्कूल के शिक्षक द्वारा दुष्कर्म करने की घटना को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गंभीरता से लिया है।

उन्होंने मुख्य सचिव वीरा राणा को निर्देश दिए कि मुख्य न्यायाधीश से चर्चा कर प्रकरण के शीघ्र निराकरण के लिए विशेष न्यायालय में सुनवाई कर घटना में कठोर दंड दिलाया जाए।

कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने जिला शिक्षा अधिकारी, महिला एवं बाल विकास को मिलाकर जांच दल बनाया है तो पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र ने एसआइटी का गठन किया है।

पुलिस स्कूल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। साथ ही बच्ची की मेडिकल जांच कर ली है, जिसकी रिपोर्ट आना बाकी है। उधर, प्रदेश कांग्रेस ने इस घटना को लेकर आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है।

मुख्यमंत्री ने वीडियो संदेश में कहा कि तीन वर्षीय बेटी के साथ स्कूल के शिक्षक कासिम रेहान द्वारा दुष्कर्म करने का मामला संज्ञान में आया है। दरिंदगीपूर्ण घटना की मैं निंदा करता हूं और मामले में कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य सचिव वीरा राणा कहा है कि मुख्य न्यायाधीश से मिलकर जल्द से जल्द विशेष न्यायालय में इस प्रकरण का निराकरण कराने का प्रयास करें।

सरकार इस मामले में कड़ी से कड़ी सजा दिलवाकर बेटी को न्याय दिलाएगी। वहीं, स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे कड़ी सजा दी जाएगी। साथ ही स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button