भोजशाला सर्वे रिपोर्ट में दावा: प्राचीन मंदिर संरचना के अवशेष मिलने का उल्लेख

मध्य प्रदेश के धार स्थित ऐतिहासिक भोजशाला परिसर को लेकर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की सर्वे रिपोर्ट में महत्वपूर्ण दावे सामने आए हैं। रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि परिसर में मिले शिलालेख, वास्तु अवशेष और स्तंभों पर उकेरी गई आकृतियां इस बात के संकेत देते हैं कि यहां पूर्व में एक मंदिर और शैक्षणिक केंद्र (मठ) मौजूद था, जिसे बाद में परिवर्तित किया गया।

एएसआई द्वारा तैयार 2189 पृष्ठों की सर्वे रिपोर्ट में परिसर स्थित एक शिलालेख का उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, शिलालेख में दर्ज फारसी लेख का अनुवाद दर्शाता है कि वहां पूर्व में धार्मिक स्थल था, जिसे बाद के कालखंड में परिवर्तित किया गया। शिलालेख हिजरी वर्ष 859 (लगभग 1455 ईस्वी) का बताया गया है।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि परिसर में पाए गए स्तंभ, खंभों के अवशेष और खिड़की फ्रेम पर उकेरी गई आकृतियां मंदिर स्थापत्य शैली से मेल खाती हैं। कुछ स्तंभों पर देवी-देवताओं की आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त आकृतियां भी दर्ज की गई हैं। एएसआई के अनुसार, मूल पत्थर संरचना में परिवर्तन के संकेत मिलते हैं और बाद के निर्माण में पूर्व संरचना के अवयवों का पुनः उपयोग किया गया।

भोजशाला को लेकर सरस्वती मंदिर और मौला कमाल दरगाह मस्जिद से संबंधित विवाद मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ में विचाराधीन है। वर्ष 2024 में 98 दिनों तक चले वैज्ञानिक सर्वे के आधार पर प्रस्तुत रिपोर्ट पर न्यायालय ने दोनों पक्षों से आपत्तियां मांगी हैं। मामले की अगली सुनवाई 16 मार्च को प्रस्तावित है।

मंदिर पक्ष का कहना है कि सर्वे रिपोर्ट में दर्ज शिलालेख और स्थापत्य साक्ष्य उनके दावे को मजबूत करते हैं। वहीं मस्जिद पक्ष का तर्क है कि पूर्व के सर्वेक्षणों में इस स्थल को मस्जिद के रूप में दर्ज किया गया था और वे नई रिपोर्ट पर न्यायालय में आपत्ति प्रस्तुत करेंगे।

इस बीच, लंदन के एक संग्रहालय में संरक्षित वाग्देवी की प्रतिमा को भारत वापस लाने का मुद्दा भी प्रदेश विधानसभा में उठाया गया। संस्कृति विभाग की ओर से बताया गया कि प्रतिमा की वापसी को लेकर संबंधित स्तर पर पत्राचार जारी है। मामले को लेकर प्रशासनिक और न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई