एयरपोर्ट पर मधुमक्खियों का हमला, एक घंटे देरी से उड़ान भरी जयपुर जाने वाली फ्लाइट

सूरत। गुजरात के सूरत एयरपोर्ट पर सोमवार को एक अनोखी और हैरान करने वाली घटना सामने आई। सूरत से जयपुर जा रही इंडिगो की फ्लाइट A320, मधुमक्खियों के हमले की वजह से तय समय पर उड़ान नहीं भर सकी। फ्लाइट को शाम 4:20 बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन मधुमक्खियों के झुंड ने विमान के खुले लगेज डोर पर कब्जा कर लिया, जिससे यात्रियों और एयरपोर्ट स्टाफ के बीच हड़कंप मच गया। विमान अंततः करीब 1 घंटे की देरी से शाम 5:26 बजे रवाना हो सका।
घटना के समय विमान में सभी यात्री सवार हो चुके थे और उनका सामान भी रख दिया गया था। इसी बीच मधुमक्खियों का एक बड़ा झुंड अचानक विमान के लगेज डोर पर जा बैठा। सुरक्षा कारणों से फ्लाइट को तुरंत टेकऑफ से रोक दिया गया। मधुमक्खियों को हटाने के लिए पहले एयरपोर्ट स्टाफ ने धुएं का सहारा लिया, लेकिन यह तरीका विफल रहा।
फायर ब्रिगेड ने हटाई मधुमक्खियां
स्थिति को गंभीर होता देख, फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने रनवे पर जाकर मधुमक्खियों पर पानी का छिड़काव किया। पानी के तेज स्प्रे से मधुमक्खियां धीरे-धीरे हटने लगीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद रनवे पूरी तरह से सुरक्षित घोषित किया गया।
मधुमक्खियों के हटते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने फ्लाइट को टेकऑफ की अनुमति दे दी। इंडिगो की ओर से इस घटना को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित थे और फ्लाइट जयपुर में सकुशल लैंड कर गई। यह घटना न सिर्फ एयरपोर्ट स्टाफ के लिए परेशानी का कारण बनी, बल्कि फ्लाइट सुरक्षा से जुड़े नए सवाल भी खड़े कर गई। विशेषज्ञों का मानना है कि भविष्य में ऐसे मामलों से निपटने के लिए एयरपोर्ट पर विशेष बायो-सेफ्टी उपायों की आवश्यकता है।





