बस्तर की बेटी बनी बॉडीबिल्डिंग क्वीन,जीता कांस्य पदक

छत्तीसगढ़ की एक ऐसी बेटी जिसने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन किया है।
नारायणपुर के अबूझमाड़ से आई 22 साल की खुशबू नाग ने NPC वर्ल्ड वाइड बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया है।

नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में खुशबू ने कई देशों के खिलाड़ियों को पछाड़कर ये शानदार उपलब्धि हासिल की।
खास बात ये है कि खुशबू किसी महानगर से नहीं, बल्कि बस्तर के आदिवासी अंचल नारायणपुर से ताल्लुक रखती हैं।
खुशबू का सफर आसान नहीं रहा। एक साधारण परिवार की बेटी, जिनके पिता बढ़ई का काम करते हैं।

2019 में मां के निधन ने खुशबू को तोड़कर रख दिया था। लेकिन वहीं से शुरू हुआ एक नया सफर भाई की सलाह पर उन्होंने जिम जाना शुरू किया।
जिम में कोच दिलीप यादव ने उनकी प्रतिभा को पहचाना और उन्हें प्रोफेशनल बॉडी बिल्डिंग की ओर प्रेरित किया।
खुशबू सिर्फ मेडल जीतने वाली खिलाड़ी नहीं हैं वो नारायणपुर के सिटी नाइट जिम में फिटनेस ट्रेनर के रूप में काम कर रही हैं और दर्जनों युवतियों को स्वास्थ्य और आत्मविश्वास का पाठ पढ़ा रही हैं।






