बस्तर ज़िला बंद : मनीष कुंजाम के घर छापे के विरोध में बस्तरिया राज मोर्चा का ऐलान

बस्तर में आज ज़िला बंद का असर दिखा। यह बंद बस्तरिया राज मोर्चा ने बुलाया है। कारण है—पूर्व विधायक मनीष कुंजाम के घर पर EOW (आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा) और ACB (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) की छापेमारी।
बताया जा रहा है कि मनीष कुंजाम ने खुद तेंदूपत्ता संग्राहकों की राशि में घोटाले की शिकायत की थी। उन्होंने वन विभाग और तेंदूपत्ता समितियों में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया था। लेकिन अब उन्हीं के घर पर छापा पड़ना, लोगों को गलत संदेश दे रहा है।
सुकमा और आस-पास के इलाकों में बीते कुछ दिनों से तेंदूपत्ता घोटाले को लेकर कई कर्मचारियों और प्रबंधकों के घरों पर छापे डाले जा रहे हैं। इसी कड़ी में अब मनीष कुंजाम के घर भी छापा पड़ा।
इस कार्रवाई को लेकर बस्तरिया राज मोर्चा और कांग्रेस ने विरोध जताया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह कार्रवाई बदले की भावना से की गई है। उन्होंने मांग की है कि ईमानदार लोगों को परेशान करने के बजाय असली दोषियों पर कार्रवाई हो।
बंद के दौरान बाज़ार, स्कूल और दफ्तरों में सन्नाटा दिखा। लोग शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जता रहे हैं। बस्तरिया राज मोर्चा का कहना है कि वे ईमानदारी से लड़ने वालों के साथ हैं और भ्रष्टाचारियों को नहीं छोड़ेंगे।





