8 अक्टूबर से शुरू होगा “बस्तर राइजिंग” अभियान, बस्तर की कला-संस्कृति और प्रतिभा को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के जनसंपर्क विभाग और बस्तर संभाग के सभी जिलों के प्रशासन के संयुक्त प्रयास से 8 अक्टूबर से “बस्तर राइजिंग” नामक विशेष अभियान की शुरुआत होने जा रही है। यह अभियान दो सप्ताह तक चलेगा और बस्तर संभाग के सभी सात जिलों में आयोजित किया जाएगा।
इस अभियान का उद्देश्य बस्तर की सांस्कृतिक, पर्यावरणीय और उद्यमशील (Entrepreneurial) क्षमताओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करना है। इसके तहत युवाओं, कलाकारों, शिल्पकारों और स्थानीय समुदायों के बीच संवाद, कार्यशालाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
“बस्तर राइजिंग” का कारवां केशकाल, नारायणपुर, कोण्डागांव, सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर, चित्रकोट, बारसूर और जगदलपुर जैसे स्थानों का दौरा करेगा। इस दौरान बस्तर की कला, हस्तशिल्प, कृषि, पर्यटन, खेल और शिक्षा के क्षेत्र में मौजूद संभावनाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अभियान का समापन रायपुर में “हार्मोनी फेस्ट 2025” के रूप में होगा, जिसमें बस्तर की प्रेरक कहानियाँ, नवाचार और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। यह आयोजन “दिल मेला – दिल में ला” थीम पर आधारित रहेगा, जो बस्तर की एकता, ऊर्जा और उत्साह का प्रतीक होगा।





