बस्तर शिक्षा पुरस्कार 2025:बस्तर जिले को शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नीति आयोग से 3 करोड़ रुपये का पुरस्कार

बस्तर शिक्षा पुरस्कार 2025:बस्तर जिले ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नीति आयोग द्वारा 3 करोड़ रुपये के पुरस्कार से सम्मानित होने की गौरवशाली उपलब्धि हासिल की है। यह सम्मान जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने, नवीन शैक्षणिक तकनीकों के सफल क्रियान्वयन और शिक्षक-छात्र संबंधों को मजबूत करने के लिए दिया गया है।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने खुशी व्यक्त करते हुए जिले के विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रशासन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार आकांक्षी जिलों में शिक्षा सुधार के प्रयासों की सफलता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा, “बस्तर जिले के विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और हमारी सरकार की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नीति ने जिले को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। यह सम्मान पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है।”

उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार शिक्षा तंत्र को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह पुरस्कार बस्तर में शिक्षा को और बेहतर करने और वहां बौद्धिक विकास को नया आयाम देने के प्रयासों को गति देगा। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार इस उपलब्धि को और आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव कदम उठाएगी, ताकि प्रदेश के अन्य जिलों को भी इसी तरह की सफलता प्राप्त हो सके।

बस्तर जिले में हाल के वर्षों में शिक्षा क्षेत्र में कई प्रभावी सुधार किए गए हैं। डिजिटल लर्निंग, स्मार्ट क्लासरूम, शिक्षकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम और छात्रों के लिए नवाचार आधारित शिक्षण तकनीकों को बढ़ावा दिया गया है। इन प्रयासों ने जिले के शैक्षणिक स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है और इसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।

नीति आयोग का यह पुरस्कार न केवल बस्तर जिले के लिए, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। यह सम्मान शिक्षा सुधार की दिशा में प्रदेश के निरंतर प्रयासों को मान्यता देता है और भविष्य में और अधिक नवाचारों को अपनाने के लिए प्रेरित करता है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button