बुरहानपुर में केला किसानों का हंगामा, गिरती कीमतों से नाराज होकर सड़कों पर उतरे किसान

मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में केला किसानों ने लगातार गिरती कीमतों के विरोध में प्रदर्शन किया। किसानों ने कहा कि इस समय केला मात्र 2 से 3 रुपये प्रति किलो बिक रहा है, जबकि खुदरा बाजार में इसका दाम कई गुना ज्यादा है। इस स्थिति से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है।
गुस्साए किसानों ने बुरहानपुर में सड़कों पर उतरकर विरोध जताया। एक किसान ने तो विरोध के प्रतीक के रूप में यह संकल्प लिया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वह शरीर पर कपड़ा और पैरों में जूते नहीं पहनेंगे।
किसानों का कहना है कि केले की खेती को अब तक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में शामिल नहीं किया गया है, जबकि पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र में यह सुविधा दी गई है। उनका आरोप है कि सरकार और प्रशासन उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान किसानों और प्रशासन के बीच नोकझोंक भी हुई। किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी उपज का उचित मूल्य और बीमा योजना का लाभ जल्द नहीं मिला, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।





