बलरामपुर SDOP पर युवती से रेप का आरोप, FIR दर्ज; रायपुर पुलिस करेगी जांच

बलरामपुर। बलरामपुर में पदस्थ SDOP याकूब मेनन पर गंभीर आरोप लगे हैं। रायपुर की रहने वाली एक युवती ने उन पर रेप और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला दर्ज कराया है। पीड़िता का कहना है कि जब याकूब रायपुर में पदस्थ थे, उस समय वह उनके टिकरापारा स्थित मकान में किराए पर रहती थी। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ रेप किया और गुप्त रूप से वीडियो बना लिया। बाद में वीडियो भेजकर उसे बलरामपुर बुलाता और दबाव डालता रहा।
पीड़िता के अनुसार, उसने पहले रायपुर पुलिस को शिकायत दी लेकिन वहां FIR दर्ज नहीं की गई। इसके बाद वह बलरामपुर गई, जहां पुलिस ने भी मामला नहीं लिखा। अंततः उसने सरगुजा IG दीपक कुमार झा से गुहार लगाई। IG के निर्देश पर सरगुजा महिला थाना में जीरो पर FIR दर्ज कर केस डायरी रायपुर पुलिस को भेज दी गई है। अब आगे की जांच रायपुर पुलिस करेगी।
जानकारी के अनुसार, 50 वर्षीय याकूब मेनन मूल रूप से भिलाई के रहने वाले हैं। उन्होंने 1998 में SI के रूप में नौकरी शुरू की और प्रमोशन पाकर TI बने। उसके बाद उन्हें SDOP बनाया गया। वह पिछले दो साल से बलरामपुर में पदस्थ हैं और पहले रायपुर टिकरापारा थाने में TI भी रह चुके हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि याकूब मेनन लगातार उसे अश्लील वीडियो भेजकर परेशान और ब्लैकमेल करते थे। वहीं, मामला सामने आने के बाद से SDOP याकूब मेनन पिछले तीन-चार दिनों से ड्यूटी से नदारद हैं। पुलिस विभाग इस पूरे मामले पर निगरानी रखे हुए है।





