छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन मौसम रहेगा खराब, तेज हवा और बिजली गिरने की चेतावनी

छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजस्थान से बंगाल तक बनी ट्रफ लाइन और बिहार से आंध्र प्रदेश तक सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर प्रदेश में दिखाई दे रहा है। इसके चलते कई जिलों में शाम और रात के समय बादल छाने, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की स्थिति बनी हुई है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा।
अगले पांच दिनों तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई इलाकों में अगले पांच दिनों तक हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी। हालांकि 11 मई के बाद थंडरस्टॉर्म की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की उम्मीद जताई गई है।
पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव दर्ज नहीं किया गया, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसके कारण गर्मी का असर एक बार फिर तेज होने की संभावना है।
दुर्ग सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा
प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान दुर्ग सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
शनिवार शाम रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और अंबिकापुर समेत कई जिलों में तेज हवा और बारिश हुई। कुछ जगहों पर आंधी-तूफान की स्थिति भी बनी रही।
रायपुर में बादल छाने के आसार
राजधानी रायपुर में दोपहर और शाम के समय बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों में बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है।





