आयुष्मान भारत की गड़बड़ी, कई निजी अस्पतालों में स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी..

बिलासपुर। आयुष्मान योजना गरीबों के लिए मुफ्त स्वास्थ्य बीमा योजना है। लेकिन इस योजना में फर्जीवाड़ा का मामला सामने आया है। सरल भाषा में इसे आप बीमा घोटाला भी कह सकते हैं। इस घोटाले के घेरे में शहर के 4 बड़े अस्पताल आ गए हैं। इसका खुलासा स्वास्थ्य विभाग की राज्य स्तरीय छापेमारी में हुई है।
बता दें कि स्वास्थ्य विभाग को यह शिकायतें मिल रही थी कि भारत सरकार की मुफ्त स्वास्थ्य बीमा योजना आयुष्मान भारत में कई अस्पताल गड़बड़ी कर रहे हैं। इस शिकायत के बाद विभागीय अधिकारियों की टीम ने निजी अस्पतालों में छापेमारी की है।
छापेमारी के बाद शहर के 4 बड़े अस्पताल नोबल, महादेव, शिशु भवन और एलाइट हॉस्पिटल को नोटिस भेजा गया है। बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ के इन अस्पतालों की ओर से मरीज के इलाज के नाम पर करोड़ों रुपए के फर्जी क्लेम किए गए। आयुष्मान योजना के तहत गरीब महिलाओं के प्रसव के दौरान जन्म लेने वाले स्वस्थ बच्चों को कुपोषित दिखाकर सरकार से ज्यादा पैसे लिए गए।





