ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटरों से छेड़छाड़ मामला: सियासत गर्म, आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली। मध्यप्रदेश के इंदौर में गुरुवार सुबह एक शर्मनाक घटना सामने आई, जहां दो ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट खिलाड़ियों से सड़क पर छेड़छाड़ की गई। दोनों खिलाड़ी महिला क्रिकेट विश्व कप के लिए भारत में हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी बाइक पर सवार था और दोनों खिलाड़ियों को गलत तरीके से टच कर भाग गया।
घटना सुबह करीब 11 बजे होटल से कैफे जाते समय हुई। डरी-सहमी खिलाड़ियों ने तुरंत अपनी टीम के सुरक्षा अधिकारी को मैसेज कर मदद मांगी। सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस ने बताया, “खिलाड़ी रोते हुए कॉल पर बताने लगीं कि क्या हुआ। हमने तुरंत कार भेजकर उन्हें होटल बुलाया।”
आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी
पास खड़े एक व्यक्ति ने आरोपी की बाइक का नंबर नोट किया, जिसके आधार पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से उसकी पहचान कर ली। शुक्रवार शाम आरोपी अकील को गिरफ्तार कर लिया गया।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप शुरू
घटना के बाद कांग्रेस ने बीजेपी सरकार को घेरा। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा, “इंदौर अपनी मेहमाननवाजी के लिए जाना जाता है, लेकिन यह घटना कानून व्यवस्था पर सवाल उठाती है।” वहीं अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, “महिलाओं की सुरक्षा पर समझौता नहीं होना चाहिए।”
टीएमसी नेता कुणाल घोष ने कहा, “यह घटना देश की प्रतिष्ठा पर दाग है।”
बीजेपी का जवाब
राज्य मंत्री कृष्णा गौर ने कहा, “सरकार ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आरोपी को तुरंत पकड़ा।” कैलाश विजयवर्गीय और रमेश्वर शर्मा ने भी घटना की निंदा की और कड़ी सजा की मांग की। MPCA अध्यक्ष महानाराणमण सिंधिया ने कहा, “एक व्यक्ति के कृत्य ने पूरे शहर की गरिमा को ठेस पहुंचाई है।”





