New Year से पहले ऑस्ट्रेलिया में मातम, सिडनी के बॉन्डी बीच पर अंधाधुंध फायरिंग, 8 लोगों की मौत

सिडनी: नए साल से पहले खुशियों में डूबा ऑस्ट्रेलिया उस वक्त दहल उठा, जब सिडनी के मशहूर बॉन्डी बीच पर जश्न मना रहे लोगों पर अचानक अंधाधुंध गोलियां चला दी गईं। इस दर्दनाक घटना में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में से 3 की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
रविवार होने के कारण बॉन्डी बीच पर भारी भीड़ मौजूद थी। लोग छुट्टी और त्योहारों का आनंद ले रहे थे, तभी अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई दी। चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावर एक ब्रिज पर खड़े होकर नीचे बीच पर मौजूद भीड़ पर फायरिंग कर रहे थे। पहले लोगों को लगा कि पटाखे फूट रहे हैं, लेकिन जब लोग गिरने लगे तो वहां अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई।
रेत पर बिखरी लाशें, खौफनाक मंजर
फायरिंग रुकने के बाद का दृश्य बेहद भयावह था। समुद्र किनारे रेत पर कई शव पड़े थे और चारों ओर खून फैला हुआ था। घायल लोग मदद के लिए चीखते रहे। पुलिस और एंबुलेंस के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद करने की कोशिश की।
दो संदिग्ध हिरासत में, इलाका सील
न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके को सील कर दिया। पुलिस ने बताया कि दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि यह आतंकी हमला था या किसी और साजिश का हिस्सा। मामले की जांच ‘एक्टिव शूटर’ घटना के तौर पर की जा रही है। लोगों को घटनास्थल के आसपास न जाने की सलाह दी गई है।
जश्न चंद सेकंड में मातम में बदला
बताया जा रहा है कि घटना के वक्त बीच पर कुछ लोग हनुक्का या प्री-क्रिसमस सेलिब्रेशन के लिए इकट्ठा हुए थे। खुशियों का माहौल कुछ ही पलों में चीख-पुकार और मातम में बदल गया। शांत और सुरक्षित माने जाने वाले ऑस्ट्रेलिया में इस तरह की घटना ने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है।
स्थानीय लोगों में गुस्सा और डर
घटना के बाद सिडनी के स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। एक चश्मदीद ने बताया कि उसने अपनी आंखों के सामने लोगों को मरते देखा। लोगों का कहना है कि वे इस इलाके को सुरक्षित मानते थे, लेकिन अब सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।
पर्यटन स्थलों की सुरक्षा बढ़ाई गई
हमले के बाद सिडनी के अन्य पर्यटन स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। ओपेरा हाउस और अन्य बीचों पर पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।





