असम राइफल्स के काफिले पर हमला: पुलिस एक्शन में, दो हिरासत में, वैन बरामद

मणिपुर। मणिपुर में असम राइफल्स के काफिले पर हुए हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां एक्शन मोड में हैं। इस हमले में दो जवान शहीद हो गए, जबकि पांच अन्य घायल हुए थे। अधिकारियों के अनुसार, घटना में इस्तेमाल की गई वैन को घटनास्थल से करीब 12 किलोमीटर दूर बरामद कर लिया गया है। जांच के दौरान पता चला है कि इस वैन के कई मालिक हैं, जिनकी पहचान कर ली गई है।
पुलिस ने इस मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और मणिपुर से दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि पिछले 24 घंटों में राज्य की स्थिति तनावपूर्ण जरूर रही लेकिन नियंत्रण में है। घटना के बाद शांतिपुर और इशोक इलाकों में सुरक्षा बलों ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
इस हमले में शहीद हुए जवानों की पहचान नायब सूबेदार श्याम गुरुंग और राइफलमैन रंजीत सिंह कश्यप के रूप में हुई है। दोनों जवान शुक्रवार शाम इंफाल के बाहरी इलाके से गुजर रहे थे, जब आतंकवादियों ने घात लगाकर उनके ट्रक पर हमला किया। हमलावरों ने अर्धसैनिक बलों के 407 टाटा वाहन पर तब गोलीबारी की, जब जवान पटसोई कंपनी संचालन अड्डे से नाम्बोल अड्डे की ओर जा रहे थे।
गौर करने वाली बात है कि जिस सड़क पर हमला हुआ, उसी मार्ग से हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपनी यात्रा के दौरान गुजरे थे। यह घटना न सिर्फ सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मानी जा रही है, बल्कि इलाके में आतंकियों की सक्रियता को भी उजागर करती है। पुलिस और सुरक्षा बल अब हमलावरों की तलाश में जुटे हुए हैं।





