इंस्टाग्राम नेटवर्क से जुड़े मिले दो छात्र, ATS की जांच में विदेशी हैंडलर्स और डार्क वेब लिंक के संकेत

रायपुर। छत्तीसगढ़ ATS की जांच में राजधानी के दो नाबालिग छात्रों से जुड़े चौंकाने वाले डिजिटल सुराग सामने आए हैं। दोनों छात्र फिलहाल माना स्थित जुवेनाइल होम में हैं, जहां उन्हें किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किए जाने के बाद रखा गया है।

जांच से जुड़े राज्य पुलिस इंटेलिजेंस विंग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इनके मोबाइल की फॉरेंसिक जांच में एक इंस्टाग्राम ग्रुप चैट सामने आई। इस चैट में कई ऐसी आईडी थीं जिनकी लोकेशन भारत के अलग-अलग राज्यों के अलावा कई विदेशी देशों से जुड़ी मिली। इससे संकेत मिलता है कि दोनों छात्र किसी साधारण लोकल ग्रुप से नहीं, बल्कि एक बड़े और व्यवस्थित डिजिटल नेटवर्क से जुड़े थे।

अधिकारियों के अनुसार असली कनेक्शन तभी साफ होगा जब इंस्टाग्राम प्लेटफॉर्म से आधिकारिक सर्वर डेटा मिल जाएगा। ATS ने इंस्टाग्राम से लॉगिन हिस्ट्री, डिवाइस लिंकिंग, बदलते यूज़रनेम, मास्क्ड इंटरैक्शन और ग्रुप गतिविधियों की पूरी टाइमलाइन का तकनीकी डॉसियर मांगा है। यह डेटा यह पता लगाने में मदद करेगा कि कौन-कौन छिपी हुई पहचान के साथ उनसे संपर्क कर रहा था।

जांच टीम के लॉग रिव्यू में यह भी पाया गया कि दोनों छात्रों का संपर्क एक से ज्यादा विदेशी डिजिटल हैंडलर्स से हुआ था। शुरुआती जांच में एक पाकिस्तानी लिंक सामने आया था, लेकिन बाद में पता चला कि संपर्क कई देशों से जुड़े हो सकते हैं। ATS मानती है कि इंस्टाग्राम से मिलने वाला डेटा यह साफ करेगा कि ये संपर्क आपस में जुड़े थे या अलग-अलग काम कर रहे थे।

एक और गंभीर पहलू यह सामने आया कि एक छात्र लगातार अरबी सीखने वाले ऐप और टूल्स इस्तेमाल कर रहा था ताकि विदेशी स्रोतों से सीधे बातचीत कर सके। वहीं, डार्क वेब पर हथियारों की कीमत और खरीद के तरीकों से जुड़ी लगातार की गई खोजों ने ATS की चिंता और बढ़ा दी है।

जांच में यह भी पुष्टि हुई है कि एक छात्र ने “ISIS Raipur” नाम से इंस्टाग्राम पर एक ग्रुप बनाकर अन्य साथियों को जोड़ने की कोशिश की थी। बरामद डिजिटल सामग्री में कट्टरपंथ से जुड़े वीडियो, प्रतीक और संदिग्ध लोकेशन पैटर्न मिले हैं।

यह पूरा मामला UAPA के तहत दर्ज प्रकरण संख्या 01/25 के रूप में जांच में है। केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर ATS इस नेटवर्क की असली संरचना समझने की कोशिश कर रही है। अधिकारी ने कहा कि इंस्टाग्राम मुख्यालय से मिलने वाला तकनीकी डेटा जांच को निर्णायक मोड़ देगा और नेटवर्क के छिपे सदस्यों तथा विदेशी संपर्कों का पूरा नक्शा साफ कर देगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई