असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने NDA सांसदों संग की बैठक, विकास कार्यों पर चर्चा

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को दिल्ली में राज्य के एनडीए सांसदों के साथ एक अहम बैठक की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सांसदों से असम के विकास कार्यों पर फीडबैक लिया और राज्य की आगे की रूपरेखा पर चर्चा की।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए कहा, “नई दिल्ली में असम के प्रतिष्ठित एनडीए सांसदों के साथ शानदार बैठक हुई। वे राष्ट्रीय राजधानी में हमारे लोगों के मुद्दों को उठाने में सराहनीय काम कर रहे हैं।”
राज्य के विकास कार्यों को गति देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने बैठक में सांसदों से यह भी सुझाव मांगे कि जनता के लिए और क्या बेहतर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में असम की प्रगति को तेज करने के लिए सामूहिक प्रयासों को बेहतर तरीके से समन्वित करने की जरूरत है।
बैठक में असम में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई और यह चर्चा हुई कि इन्हें और अधिक प्रभावी कैसे बनाया जाए। राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए सरकार विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर दे रही है।
इस अहम बैठक में असम के कई प्रमुख सांसद मौजूद रहे, जिनमें दिलीप सैकिया, कामाख्या प्रसाद तासा, भुवनेश्वर कलिता, प्रदान बरुआ, बीरेंद्र प्रसाद बैश्य और पबित्रा मार्गेरिटा शामिल थे।
सांसदों ने बैठक में अपनी-अपनी राय रखी और बताया कि असम की जनता किन प्रमुख समस्याओं का सामना कर रही है। साथ ही, संसद में असम से जुड़े अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया गया।
असम में विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी बीजेपी
अगले साल असम में विधानसभा चुनाव होने हैं, और बीजेपी अपनी सरकार बचाए रखने के लिए पूरी तरह सक्रिय हो गई है। मुख्यमंत्री सरमा खुद राज्य के विकास कार्यों पर फोकस कर रहे हैं, ताकि जनता को अधिक से अधिक सुविधाएं मिल सकें।
बैठक का मुख्य उद्देश्य सांसदों और सरकार के बीच बेहतर समन्वय बनाना था, जिससे राज्य में चल रहे परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया जा सके। मुख्यमंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि सांसद अपने क्षेत्रों में अधिक सक्रिय रहें और जनता से लगातार जुड़े रहें।





