कुलगाम में सेना की आतंकियों से मुठभेड़: लश्कर के 2 आतंकी छिपे, एक जवान घायल

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर स्थित कुलगाम जिले में गुरुवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ छिड़ गई। यह मुठभेड़ गड्डर के जंगलों में हुई, जहां लश्कर-ए-तैयबा के दो से ज्यादा आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। सेना की 9 आरआर, सीआरपीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया, तभी आतंकियों ने उन पर अचानक गोलीबारी कर दी।
जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने भी फायरिंग शुरू कर दी। दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है। इस दौरान सेना का एक जवान घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूत्रों के अनुसार, इलाके में अभी भी 2 से 3 आतंकी छिपे हो सकते हैं।
घटनास्थल के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गए हैं और पूरे इलाके को घेर लिया गया है ताकि आतंकियों को भागने का मौका न मिल सके। ग्रामीणों को भी सुरक्षा की दृष्टि से घरों में रहने की सलाह दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा जब तक आतंकियों को खत्म नहीं कर दिया जाता। सुरक्षा एजेंसियां मान रही हैं कि मुठभेड़ में शामिल आतंकी लश्कर से जुड़े हैं और हाल ही में दक्षिण कश्मीर में हुई आतंकी गतिविधियों में शामिल हो सकते हैं। इस मुठभेड़ के बाद घाटी में सुरक्षा और सतर्कता और बढ़ा दी गई है।





