छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान तेज, बीजापुर-दंतेवाड़ा में तीन नक्सली ढेर

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में आज सुबह से दंतेवाड़ा और बीजापुर की सरहद पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो रही है। इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने अब तक तीन नक्सलियों को मार गिराया है। मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह मुठभेड़ 25 मार्च की सुबह 8 बजे शुरू हुई थी, जब सुरक्षाबलों की टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। जैसे ही जवान जंगल में पहुंचे, नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी मुस्तैदी दिखाते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीन नक्सली ढेर हो गए। इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है।
बीजापुर और कांकेर में 30 नक्सली मारे गए
इससे पहले, 21 मार्च को बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के अंडरी जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच बड़ी मुठभेड़ हुई थी। इस कार्रवाई में 14 महिला नक्सलियों समेत कुल 26 वर्दीधारी नक्सली मारे गए थे। इनमें से 18 की पहचान हो चुकी है, जिसमें एक डिवीजनल कमेटी मेंबर (DVCM), पांच एरिया कमेटी मेंबर (ACM), तीन प्लाटून पार्टी कमेटी मेंबर (PPCM) और नौ PLGA प्लाटून सदस्य शामिल हैं। सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल से AK-47, SLR, इंसास राइफल, .303 राइफल, रॉकेट लॉन्चर, बीजीएल लॉन्चर और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की थी। इस कार्रवाई में डीआरजी बीजापुर के आरक्षक राजूराम ओयाम शहीद हो गए थे।
कांकेर में भी चार नक्सली ढेर
इसी दिन कांकेर जिले के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के कुरूषनार जंगल में भी सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई की थी। बीएसएफ और डीआरजी की संयुक्त टीम ने चार वर्दीधारी नक्सलियों को मार गिराया था। इनमें मिलिट्री कंपनी नंबर 5 का एक सदस्य (जिसपर ₹8 लाख का इनाम था) और प्लाटून नंबर 17/ किसकोड़ो एलओएस का एक सदस्य (जिसपर ₹2 लाख का इनाम था) शामिल था।
छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों की पकड़ मजबूत होती जा रही है। सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है, ताकि कोई भी नक्सली बच न सके।





