बिजली की समस्या पर फूटा गुस्सा, शुभम विहार में लोगों ने किया चक्काजाम

बिलासपुर। शहर के शुभम विहार वार्ड नंबर 15 बलानी चौक में सोमवार को बिजली की खराब व्यवस्था से परेशान लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। ट्रांसफार्मर जल जाने के बाद भी उसे न बदले जाने से नाराज लोगों ने चक्काजाम कर दिया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि 3-4 दिन पहले ट्रांसफार्मर जल गया था, लेकिन बार-बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। इस वजह से इलाके में अंधेरा, पानी की किल्लत और गर्मी से लोग बेहाल हैं।
स्थानीय लोगों ने साफ कहा है कि जब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया जाएगा, उनका विरोध जारी रहेगा।
वार्ड पार्षद ने बताया कि बिजली विभाग से बात हो गई है और नया ट्रांसफार्मर लेकर गाड़ी रवाना हो चुकी है। लेकिन अगर जल्द बिजली नहीं आई तो पूरा वार्ड बिलासपुर-मुंगेली हाईवे जाम करेगा।
लोगों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही अब बर्दाश्त के बाहर है। अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।





