रायपुर में मां को पुलिस पूछताछ के लिए ले जाने के बाद 18 वर्षीय युवती ने की आत्महत्या

रायपुर (छत्तीसगढ़)। राजधानी रायपुर के अमलीडीह इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 18 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि घटना के समय पुलिस उसकी मां को पूछताछ के लिए थाने ले गई थी, जिसके बाद युवती मानसिक तनाव में आ गई।
पुलिस के अनुसार युवती के पिता के खिलाफ पहले से एक मामले में कार्रवाई चल रही थी। इसी सिलसिले में पुलिस पूछताछ के लिए उसकी मां को थाने लेकर गई थी। मां के घर से जाने के कुछ समय बाद ही युवती अपने कमरे में चली गई और फांसी लगा ली।
घटना की जानकारी मिलते ही पड़ोसियों और परिजनों ने दरवाजा तोड़कर युवती को नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस कार्रवाई के कारण युवती मानसिक दबाव में थी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।





