AMIT SHAH DAURA: छत्तीसगढ़ दौरे में आज आएंगे शाह, इन कार्यक्रमों में होंगे शामिल

रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज गुरुवार को छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ पहुंचेंगे, जहां वे आचार्य विद्यासागर महाराज की पहली पुण्यतिथि पर आयोजित समाधि स्मृति महा महोत्सव में शामिल होंगे। इस दौरान वे मां बम्लेश्वरी मंदिर में भी दर्शन करेंगे।
गृहमंत्री अमित शाह के दौरे से पहले चंद्रगिरी ट्रस्ट और प्रशासन ने सभी तैयारियों को पूरा कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक, गृहमंत्री इस दौरान कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कर सकते हैं। जैन समाज के अनुसार, गृहमंत्री इस मौके पर आचार्य विद्यासागर महाराज की तस्वीर वाला 100 रुपए का स्मृति सिक्का जारी कर सकते हैं। साथ ही, भारतीय डाक विभाग द्वारा विशेष डाक टिकट और लिफाफे भी जारी किए जा सकते हैं।
आचार्य विद्यासागर की पुण्यतिथि
18 फरवरी 2024 को आचार्य विद्यासागर महाराज ने डोंगरगढ़ स्थित चंद्रगिरी तीर्थ में समाधि ली थी। उनकी पहली पुण्यतिथि के मौके पर चंद्रगिरी ट्रस्ट द्वारा 1 से 6 फरवरी तक भव्य महोत्सव आयोजित किया जा रहा है।
आचार्य विद्यासागर महाराज की समाधि के बाद डोंगरगढ़ का क्षेत्र अब महातीर्थ बन चुका है। यहां प्रसिद्ध मां बम्लेश्वरी मंदिर, प्रज्ञागिरि और चंद्रगिरि जैसे धार्मिक स्थल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत जैसे बड़े नेता भी यहां आ चुके हैं।
विद्यासागर महाराज का सामाजिक योगदान
विद्यासागर महाराज ने समाज को देशभक्ति और संयम का रास्ता दिखाया। उनके जीवन का अधिकांश हिस्सा राष्ट्रभक्ति और जनसेवा में समर्पित रहा। डोंगरगढ़ में उनके द्वारा स्थापित कई सामाजिक प्रकल्प आज भी सक्रिय हैं, जैसे कि प्रतिभा स्थली स्कूल और विशाल गौशाला, जो उनके सामाजिक दृष्टिकोण को दर्शाते हैं।





