भीषण गर्मी के बीच कार्डियक आईसीयू में एसी बंद, मरीज और परिजन पंखों के सहारे

राजधानी में बढ़ती गर्मी के बीच अंबेडकर अस्पताल के एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट में आईसीयू और कई वार्डों की सेंट्रलाइज्ड एसी व्यवस्था खराब होने से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तेज धूप और बढ़ते तापमान के बावजूद अस्पताल में कूलिंग व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो सकी है।
आईसीयू और जनरल वार्ड में भर्ती मरीज गर्मी से परेशान हैं। कई वार्डों में कूलर और पंखे भी बंद पड़े हैं। कुछ स्थानों पर मरीजों के परिजन अपने घरों से स्टैंड पंखे लाकर राहत देने की कोशिश कर रहे हैं। नर्सिंग स्टाफ ने भी अपने केबिन में अलग से पंखे की व्यवस्था की है।
हार्ट ब्लॉकेज के इलाज के लिए भर्ती एक मरीज ने बताया कि आईसीयू में एसी बंद होने से गर्मी में दिन बिताना मुश्किल हो रहा है। परिजनों को घर से पंखा मंगवाना पड़ा, तब जाकर कुछ राहत मिली।
अस्पताल अधीक्षक ने बताया कि एसी खराब होने की जानकारी मिली है और इसे जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। अन्य वार्डों में भी पंखे और कूलर दुरुस्त करने को कहा गया है। प्रशासन का कहना है कि समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा।
इधर संभावित हीट वेव को देखते हुए जिला अस्पताल में विशेष इंतजाम किए गए हैं। हीट स्ट्रोक से पीड़ित मरीजों के लिए अलग वार्ड बनाया गया है। अतिरिक्त बेड की व्यवस्था के साथ शरीर का तापमान कम करने के लिए विशेष बाथ टब लगाए गए हैं, जिनमें ठंडे पानी और बर्फ की मदद से इमर्सन कूलिंग की जा सकेगी। इसके लिए नई आइस मेकिंग मशीन भी स्थापित की गई है।
प्रशासन ने लोगों से गर्मी के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल के हेल्पलाइन नंबर 0771-3519250 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।





