अमेरिका सबसे ज्यादा डरा हुआ देश, डॉलर बचाने के लिए दुनिया में तनाव: भूपेश बघेल

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भिलाई में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम के दौरान वैश्विक राजनीति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि आज दुनिया में सबसे ज्यादा डरा हुआ देश अमेरिका है। उन्होंने कहा कि अमेरिका को सबसे ज्यादा चिंता अपने डॉलर की है और इसी वजह से वह दुनिया के तेल संसाधनों पर कब्जा करने की कोशिश करता है।
उन्होंने कहा कि जहां-जहां तेल के भंडार हैं, वहां किसी न किसी रूप में अमेरिका का हस्तक्षेप देखने को मिलता है। चाहे वेनेजुएला हो, ईरान हो या अन्य देश, अमेरिका कई जगहों पर संघर्ष में शामिल है और इसके पीछे मुख्य कारण डॉलर की ताकत को बनाए रखना है।
भूपेश बघेल ने ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव का जिक्र करते हुए कहा कि इस संघर्ष को लेकर दुनिया में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग एपस्टीन फाइल से ध्यान भटकाने के लिए वैश्विक स्तर पर तनाव का माहौल बना रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया में अशांति फैलाने वाले लोग अंततः खुद को नहीं बचा पाएंगे। इस दौरान उन्होंने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का नाम लेते हुए कहा कि वे भी इससे बच नहीं पाएंगे। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री की ओर इशारा करते हुए कहा कि हमारा वाला भी इससे नहीं बच पाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरों को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले 56 इंच के सीने और विश्वगुरु बनने की बात करते थे, वे आज अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चुप दिखाई दे रहे हैं। लोगों को उम्मीद है कि वे कुछ बोलेंगे, लेकिन अभी तक कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है।
भूपेश बघेल ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें मौनमोहन सिंह कहा जाता था, लेकिन जब वे बोलते थे तो पूरी दुनिया उनकी बात सुनती थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रधानमंत्री की आवाज ही सुनाई नहीं दे रही है।
उन्होंने पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी का भी जिक्र करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय तनाव के कारण डीजल और पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी की आशंका है। अगर ईरान समुद्री रास्तों को बंद कर देता है और जहाजों की आवाजाही प्रभावित होती है, तो देश में ईंधन आपूर्ति पर असर पड़ सकता है और कीमतें बढ़ सकती हैं।
इस दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि जिन लोगों के पास कई पेट्रोल पंप हैं, उन्होंने पहले से ही कुछ पेट्रोल पंप बंद कर दिए हैं। उन्होंने पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू की ओर इशारा करते हुए चुटकी भी ली, जिस पर कार्यक्रम में मौजूद लोग मुस्कुराते नजर आए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। होली मिलन के मौके पर ढोल-नगाड़ों के साथ पारंपरिक अंदाज में उत्सव मनाया गया और होलिका दहन से पहले पूजा-अर्चना भी की गई।
एपस्टीन फाइल को लेकर भी उन्होंने चर्चा की। यह उन दस्तावेजों और रिकॉर्ड का संग्रह है जो अमेरिकी अरबपति जेफरी एपस्टीन से जुड़े हैं। एपस्टीन पर नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और अवैध गतिविधियों के आरोप लगे थे। इन फाइलों में जांच से जुड़े दस्तावेज, गवाहों के बयान और कई अन्य रिकॉर्ड शामिल हैं।
इस मामले को लेकर विवाद इसलिए भी बढ़ा क्योंकि इन फाइलों में कई प्रभावशाली और चर्चित लोगों के नाम सामने आने की चर्चा रही है। हालांकि किसी फाइल में नाम होने मात्र से अपराध साबित नहीं होता, लेकिन इस कारण यह मामला राजनीतिक और सामाजिक रूप से बेहद संवेदनशील बन गया है।





